बंगाल। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी कोलकाता में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक शुरू हो चुकी है, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हुए हैं। पार्टी ने उन्हें केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाकर कोलकाता भेजा है। बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।
भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि, यह पश्चिम बंगाल की जनता के लिए उत्सव जैसा दिन है। उन्होंने इसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार होने जैसा बताया और पार्टी कार्यकर्ताओं के बलिदान को जीत का बड़ा कारण बताया। वहीं भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि, पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त खुशी है और पूरे माहौल में “जय श्री राम” के नारे गूंज रहे हैं। भाजपा नेता राहुल सिंहा ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, आज का दिन भाजपा के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है।
