छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक शादी समारोह का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जयमाला के दौरान दुल्हन ने ऐसा कदम उठाया कि, पूरा माहौल हंगामे में बदल गया। जानकारी के अनुसार, उमरेठ थाना क्षेत्र के एक गांव में 27-28 अप्रैल की रात बारात पहुंची और पारंपरिक रस्में शुरू हुईं। जैसे ही जयमाला का समय आया, दुल्हन मंच पर पहुंची, लेकिन दूल्हे को माला पहनाने के बजाय उसने वहां मौजूद अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी। इतना ही नहीं, उसने सबके सामने प्रेमी को गले भी लगा लिया।
इस घटना से शादी में मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में गुस्से का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोगों ने प्रेमी की पिटाई कर दी। वहीं दूल्हा यह सब देखता रह गया और अंत में उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह बारात लेकर बिना दुल्हन के वापस लौट गया। बताया जा रहा है कि, युवती पहले से ही किसी और से प्रेम करती थी, लेकिन परिवार ने उसकी मर्जी के खिलाफ यह रिश्ता तय कर दिया था। घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
