रायपुर में Zomato डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर लूट, फर्जी ऑर्डर बुलाकर बदमाश ले उड़े ₹34 हजार का मोबाइल

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाले एक Zomato डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने फर्जी तरीके से खाना और रेडबुल का ऑर्डर बुक कराया और डिलीवरी के लिए पहुंचे युवक से चाकू दिखाकर करीब 34 हजार रुपये कीमत का वीवो V27 मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

घटना 2 अगस्त की देर रात करीब 1:30 बजे कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास हुई। पीड़ित के अनुसार, एक्टिवा सवार दो युवकों ने पहले खुद को ग्राहक बताया और खाना लेने के बाद भुगतान करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल छीन लिया।

घटना से डरे युवक ने पहले अपने दोस्त को पूरी जानकारी दी और बाद में पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, ऑनलाइन ऑर्डर की जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस घटना के बाद राजधानी में देर रात डिलीवरी करने वाले एजेंटों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।