0-21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की सौगात, हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक आसान होगा सफर; दूसरे चरण में चार नई मेट्रो लाइनें होंगी विकसित
नईदिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे में लगभग 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पुणे मेट्रो की तीसरी लाइन यानी पिंक लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी मौजूद रहे।
पुणे मेट्रो की तीसरी लाइन का निर्माण 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। लगभग 23 किलोमीटर लंबा यह गलियारा मान को जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। इसके माध्यम से हिंजवड़ी सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो संपर्क स्थापित होगा। इससे शहर के प्रमुख रोजगार केंद्रों तक पहुंच आसान होगी और हजारों सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मचारियों सहित रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।पिंक लाइन को पुणे के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। मेट्रो संपर्क बढऩे से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने, यातायात जाम से राहत मिलने और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच भी बेहतर होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखी। इस पर लगभग 13,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दूसरे चरण में मेट्रो की चार नई लाइनें 2ए, 2बी, 4 और 4ए विकसित की जाएंगी। इनसे शहर के आवासीय, व्यावसायिक और सूचना प्रौद्योगिकी केंद्रों के बीच संपर्क का विस्तार होगा।
दूसरे चरण के तहत लाइन 2ए और 2बी की कुल लंबाई लगभग 12.75 किलोमीटर होगी। लाइन 2ए वनाज से चांदनी चौक को जोड़ेगी, जबकि लाइन 2बी रामवाड़ी से वि_लवाड़ी तक जाएगी। इससे शहर के मौजूदा पूर्व-पश्चिम मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा।वहीं, लगभग 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन 4 खराड़ी को खड़कवासला से जोड़ेगी। इसके अलावा 6.12 किलोमीटर लंबी लाइन 4ए नल स्टॉप से माणिक बाग तक विकसित की जाएगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पुणे के बड़े हिस्से में मेट्रो की पहुंच बढ़ेगी और यात्रियों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे।परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले उन्होंने पुणे मेट्रो के पहले चरण की आधारशिला रखी थी। आज जिस नई मेट्रो लाइन पर काम शुरू हुआ है, उससे पुणे के पुराने और नए क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुणे हमेशा से ऐसे विचारों का केंद्र रहा है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज को नई दिशा दी है। आज यह शहर विकसित भारत की नई ऊर्जा को भी दिशा दे रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी, वाहन उद्योग, औषधि निर्माण, नवाचार, नवोद्यम और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में पुणे देश के युवाओं के लिए सपनों और संकल्पों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।प्रधानमंत्री ने कहा कि पुणे मेट्रो का विस्तार इस बात का उदाहरण है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए किस तरह के आधुनिक शहर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले किसी शहर की पहचान वहां के उद्योगों, प्रसिद्ध खान-पान या कृषि उत्पादों से होती थी, लेकिन अब शहरों की पहचान के साथ दो और महत्वपूर्ण कसौटियां जुड़ गई हैं। आधुनिक परिवहन व्यवस्था और बेहतर शहरी सुविधाएं भी अब किसी शहर की पहचान और विकास के प्रमुख आधार बन गई हैं।उन्होंने कहा कि मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन परियोजनाएं शहरों को बेहतर संपर्क व्यवस्था देने के साथ आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करती हैं। पुणे में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
