बिलासपुर में रफ्तार का कहर: ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, दो ट्रेलरों की भिड़ंत में चालक कैबिन में फंसा

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडारीडीह-कोपरा मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बाइक सवार महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान मुंगेली जिले के लुगराकापा निवासी पुरावती यादव के रूप में हुई है। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, पेंडारीडीह-कोपरा के पास बाइक और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, रतनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक और बड़ा हादसा हुआ। सड़क पर खराब होने के कारण खड़ी ट्रेलर से पीछे से आ रही दो ट्रेलर गाड़ियां टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कैबिन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद कैबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। घायल चालक समेत अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, खराब हालत में सड़क पर खड़ी ट्रेलर को पीछे से आ रही गाड़ियां समय पर नहीं देख सकीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।