पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, पानी मांगने के बहाने घर में घुसे हमलावर; चाचा भी गंभीर घायल

Follow Us

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात मोहर्रम जुलूस के दौरान सदर थाना क्षेत्र के गोड़हाई गांव में शुक्रवार देर रात हुई। हमले में युवक के चाचा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मोहर्रम जुलूस के दौरान कुछ हमलावर डीजे बंद कर पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने पहले परिवार से पानी मांगा और फिर युवक शाहजहां के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। शाहजहां के सामने आते ही आरोपियों ने टांगी और भुजाली से उसकी जांघ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

भतीजे को बचाने पहुंचे उसके चाचा शबीर मियां पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। उनके सीने पर कई वार किए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार, शबीर मियां के सीने पर कुल 13 टांके लगाए गए हैं और उनका हजारीबाग के अस्पताल में इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल शाहजहां को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक और आरोपी पड़ोसी हैं तथा दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इस मामले को मोहर्रम के बाद आपसी बैठक में सुलझाने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही हत्या की वारदात हो गई। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी फरहान और फैजान की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।