मछली चोरी की रंजिश में युवक की हत्या, पहले बाइक को मारी टक्कर फिर पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव में मछली चोरी को लेकर पुरानी रंजिश शनिवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि आधा दर्जन आरोपियों ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीरिथ यादव की मौत हो गई, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का काम करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों बाइक से कर्रा से खुंटाघाट जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोग सफेद रंग की स्कॉर्पियो जैसी गाड़ी में पहुंचे और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। बाइक से गिरने के बाद आरोपियों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान तीरिथ यादव जान बचाने के लिए खेत की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे बेरहमी से पीटा। वहीं, श्याम सिंह किसी तरह मौके से भागकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले तीरिथ यादव ने कथित तौर पर गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि गोलू धीवर ने तीरिथ का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था, जिसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और मोबाइल बनवाने के लिए एक हजार रुपये भी दिए गए थे, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से तीरिथ यादव की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।