तखतपुर में फरसा लहराकर फैला रहा था दहशत, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में युवक गिरफ्तार

Follow Us

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में देर रात मुख्य सड़क पर धारदार फरसा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से फरसा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा की मुख्य सड़क पर एक युवक हाथ में धारदार फरसा लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतकुमार खाण्डे (25), निवासी ग्राम नवापारा जरौधा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह फरसा रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई थाना तखतपुर के प्रभारी पर्यवेक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।