केबीसी के हाट सीट पर पहुंचे भाटापारा के योगेश साहू

Follow Us

*17 अगस्त को होगा सोनी टीवी चैनल पर प्रसारण*

भाटापारा। भाटापारा के बहुत ही होनहार प्रतिभावान युवा योगेश साहू सोनी टीवी में प्रसारित होने वाले कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति की हाट सीट पर पहुंच गए है और आगामी 17 अगस्त को इसका प्रसारण रात 9 बजे से होगा, जहां योगेश साहू सदी के महानायक सुपर स्टार अमिताभ बच्चन के द्वारा पूछे जाने वाले सवालों का जवाब देते नजर आएंगे।

विदित हो कि शहर के होनहार 23 वर्षीय युवा प्रतिभाशाली युवा योगेश साहू, आईआईटी मुंबई से क्लियर कर चुके है और इस समय अखिल भारतीय स्तर पर होने वाली यू पी एस सी सिविल सेवा मेंस की तैयारी में जुटे हुए है,उन्होंने हाल ही में यू पी एस सी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस बीच सोनी टीवी चैनल में प्रायोजित कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में नए प्रतिभागियों से पूछे जाने वाले सवालों का सही जवाब दिया।

लगातार इसमें आगे बढ़ते हुए हाट सीट पर पहुंच गए,जिसकी शूटिंग हाल ही में सोनी टीवी के कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर संपन्न हुई, जहां नगर के युवा होनहार योगेश साहू ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया। जिसका प्रसारण इस माह की 17 अगस्त को रात्रि 9 बजे से सोनी टीवी चैनल में प्रसारण किया जाएगा।

ग्राम टेहका निवासी और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बेस के वाहन चालक गयाराम साहु के पुत्र योगेश साहू शुरू से ही प्रतिभावान रहे है।उनकी प्रारंभिक शिक्षा जेसीज कांवेंट और मयूर शिशु मंदिर में हुई।उसके बाद वह अध्ययन हेतु बिलासपुर चले गये और लगातार अपनी ईमानदारी, लगन और मेहनत के दम पर अपना और अपने परिजनों का नाम रोशन करते चले गए।

मुंबई से वापस लौटने पर योगेश साहू और उसके पिता गयाराम साहु का रेल्वे स्टेशन पर सामाजिक लोगो ने जोरदार स्वागत किया,वही योगेश साहू को लगातार बधाई संदेश मिल रहा है। इस बीच उनके पैतृक गांव में और भाटापारा के प्रमुख स्थानों पर 17 अगस्त को बड़े पर्दे पर सामूहिक रूप से उक्त कार्यक्रम को देखने की योजना भी बनाई जा रही है।