रायपुर उत्तर में ढाई साल में 1722 करोड़ के काम, विधायक पुरंदर मिश्रा ने गिनाईं उपलब्धियां

Follow Us

रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में ढाई साल के दौरान 1,722.40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने और उन्हें आगे बढ़ाने का दावा किया गया है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने कार्यकाल की प्रगति की जानकारी दी। उनके मुताबिक 1 जनवरी 2024 से 31 अगस्त 2026 के बीच क्षेत्र में कुल 438 विकास कार्य दर्ज किए गए। इनमें 320 काम पूरे हो चुके हैं, 78 कार्य निर्माणाधीन हैं, जबकि 40 कार्य शुरू किए जाने की प्रक्रिया में हैं।

विधायक के अनुसार इन परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग के 17 कार्यों के लिए 1,295.71 करोड़ रुपये, नगर निगम के 401 कार्यों के लिए 48.80 करोड़ रुपये, 700 बेड वाले मेडिकल कॉलेज भवन और उपकरणों के लिए 376 करोड़ रुपये तथा जिला खनिज संस्थान न्यास के 19 कार्यों के लिए 1.89 करोड़ रुपये शामिल हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया गया। देवेंद्र नगर कन्या महाविद्यालय में 300 सीट वाले गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण इनमें प्रमुख है। वहीं मेकाहारा और जिला अस्पताल पंडरी के लिए डीएमएफ मद से करीब 40 लाख रुपये के मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी पहल की गई है। बाहरी बोर्ड परीक्षा में प्रत्येक स्कूल से सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी को 5 हजार रुपये और विधानसभा क्षेत्र की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपये पुरस्कार देने की बात कही गई। आगे सड़क, यातायात, जल निकासी, नाली, पेयजल, पार्किंग और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की योजना बताई गई है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जनता की जरूरतें ही उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं और आगे भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार काम किया जाएगा।