धरसींवा। रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र स्थित नूतन इस्पात फैक्ट्री में काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद फैक्ट्री के बाहर परिजनों और ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में तीनों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अनिल यादव की मौत हो गई। बाकी दो मजदूरों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचे और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर श्रमिक सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक अनिल यादव अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी यादव, दो छोटे बच्चों और वृद्ध पिता को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
धरना स्थल पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजा, बच्चों के भविष्य की सुरक्षा और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
