बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शांतिनगर में पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पति की कथित तौर पर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-07 शांतिनगर निवासी दिलीप कुड़ियम और उसकी पत्नी रिंकी कुड़ियम नगर पालिका बीजापुर में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और अनबन चल रही थी।
आरोप है कि 5 जुलाई को रिंकी कुड़ियम ने कुछ युवकों के साथ मिलकर दिलीप कुड़ियम पर हमला किया। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, फिर सिर पर पत्थर से वार कर उसे घर के पास स्थित कुएं में धक्का दे दिया। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल दिलीप को जिला अस्पताल बीजापुर में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेकाज जगदलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर बीजापुर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी पत्नी रिंकी कुड़ियम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
