सूर्यास्त के बाद क्यों बंद हो जाते हैं भानगढ़ किले के दरवाजे? जानिए इतिहास, रहस्य और श्राप की पूरी कहानी

Follow Us

नई दिल्ली । राजस्थान की अरावली पर्वतमाला के बीच स्थित भानगढ़ किला भारत की सबसे रहस्यमयी और चर्चित ऐतिहासिक जगहों में से एक माना जाता है। जयपुर और अलवर के बीच स्थित यह किला सरिस्का नेशनल पार्क से करीब 50 किलोमीटर दूर है। अपनी भव्य वास्तुकला, ऐतिहासिक महत्व और रहस्यमयी कहानियों के कारण यह हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित करता है।

भानगढ़ किले का निर्माण 17वीं शताब्दी में राजपूत शासक राजा मान सिंह प्रथम ने अपने पोते माधो सिंह प्रथम के लिए करवाया था। यह किला आज भी अपनी शानदार संरचना के लिए प्रसिद्ध है। इसके चार प्रमुख प्रवेश द्वार—लाहौरी गेट, अजमेरी गेट, फुलबारी गेट और दिल्ली गेट—से प्रवेश करते ही प्राचीन महल, हवेलियां और मंदिर उस दौर की समृद्ध स्थापत्य कला की झलक दिखाते हैं।

किले की संकरी गलियां, विशाल आंगन और ऐतिहासिक इमारतें यहां आने वाले पर्यटकों को अतीत की दुनिया में ले जाती हैं। परिसर में स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की शांत फिजा और ऊंचाई से दिखाई देने वाला अरावली क्षेत्र का मनोरम दृश्य पर्यटकों को खास अनुभव देता है।

भानगढ़ किले की पहचान केवल इसकी ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं है। इसे लेकर कई रहस्यमयी किंवदंतियां भी प्रचलित हैं। लोककथाओं के अनुसार, काले जादू में निपुण एक तांत्रिक भानगढ़ की राजकुमारी से प्रेम करता था। उसने राजकुमारी को वश में करने के लिए एक जादुई प्रेम रस देने की कोशिश की, लेकिन राजकुमारी ने उसे स्वीकार नहीं किया और वह रस एक चट्टान पर फेंक दिया। कहा जाता है कि वही चट्टान तांत्रिक पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। मरते समय उसने पूरे नगर को वीरान होने का श्राप दे दिया।

इसी श्राप से जुड़ी मान्यताओं के कारण भानगढ़ को भारत की सबसे डरावनी जगहों में गिना जाता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सूर्यास्त के बाद यहां रहस्यमयी गतिविधियां होती हैं। यही वजह है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के निर्देशों के अनुसार सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले किले में प्रवेश प्रतिबंधित है।

हालांकि, इन कथाओं की कोई वैज्ञानिक पुष्टि नहीं है, लेकिन इतिहास, वास्तुकला और रहस्य का अनोखा संगम भानगढ़ किले को देश के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में शामिल करता है। रोमांच और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह किला एक यादगार अनुभव साबित हो सकता है।