चार धाम यात्रा इन दिनों श्रद्धा और भक्ति के माहौल में जारी है। यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ के दर्शन के बाद श्रद्धालु आखिर में बद्रीनाथ धाम पहुंचकर अपनी यात्रा पूर्ण करते हैं। भगवान बद्रीनारायण के दर्शन के साथ यहां से कुछ पवित्र वस्तुएं घर लाना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि बद्रीनाथ से लाई गई विशेष मालाएं जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। बद्रीनाथ धाम में भगवान विष्णु को चढ़ाई जाने वाली ‘बदरी तुलसी माला’ का खास धार्मिक महत्व है। इसे माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है।
श्रद्धालु दर्शन के बाद इस माला को धारण करते हैं, क्योंकि मान्यता है कि, इससे मानसिक शांति मिलती है, नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और भगवान विष्णु की कृपा हमेशा बनी रहती है। साथ ही “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र जाप के लिए भी यह माला बेहद शुभ मानी जाती है। इसके अलावा वैजयंती माला भी श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहती है। भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को प्रिय यह माला विजय, यश और सफलता का प्रतीक मानी जाती है। कहा जाता है कि, इसे धारण करने वाले व्यक्ति को जीवन की परेशानियों पर जीत मिलती है और तरक्की के रास्ते खुलते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बद्रीनाथ धाम से लाई गई ये पवित्र मालाएं सिर्फ आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने का माध्यम भी मानी जाती हैं।
