रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने धान खरीदी में अव्यवस्थाओं, किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियों और लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं, वहीं पीएससी भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश के 3100 धान उपार्जन केंद्रों में से करीब एक हजार केंद्रों में अब तक खरीदी शुरू नहीं हो पाई है। कई केंद्रों में तौलाई, बारदाना और टोकन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक किसानों का रकबा पोर्टल में शून्य दर्ज कर दिया गया है, जबकि कई किसानों के खेतों में धान की जगह दूसरी फसल दर्ज की गई है। इससे किसानों को न केवल धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल पाने, बल्कि आदान सहायता से भी वंचित होने की आशंका है।
बैज ने कहा कि किसानों के रकबे और फसल संबंधी त्रुटियों का सुधार नहीं होने से वे परेशान हैं। पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद सरकार को राजस्व अमले को निर्देशित करना चाहिए कि किसानों के नामांकन, बंटवारे और खसरा-खतौनी से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि किसान आसानी से धान बेच सकें।
बेटियों को परीक्षा दिलाकर लौट रहे पिता की हादसे में मौत, पांच घायल
पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 8 सितंबर 2026 से आयोग का अध्यक्ष पद रिक्त है। इसके चलते पिछले ढाई महीने से परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 के पीएससी अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी अनिश्चितकाल के लिए रोक दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान युवाओं से यूपीएससी पैटर्न पर पीएससी परीक्षा आयोजित करने का वादा किया गया था। लेकिन वर्तमान स्थिति में आयोग का कामकाज करीब 75 दिनों से प्रभावित है। सरकार अध्यक्ष की नियुक्ति तक नहीं कर पा रही है। इससे प्रदेश के युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बगिया कैम्प कार्यालय में आम नागरिकों से की मुलाकात, सुनी समस्याएं
26 नवंबर को राजधानी में निकलेगा संविधान बचाओ मार्च
बैज ने बताया कि 26 नवंबर को राजधानी रायपुर में कांग्रेस की ओर से संविधान बचाओ मार्च आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से देश के संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर खतरा मंडरा रहा है। राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से कांग्रेस देश के सभी प्रदेश मुख्यालयों में संविधान बचाओ मार्च निकाल रही है।
