तृषा कृष्णन की राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज, समर्थकों ने लॉन्च किया ‘यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम’

Follow Us

तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बाद अब अभिनेत्री तृषा कृष्णन के नाम को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोमवार (23 नवंबर) को तिरुनेलवेली में अभिनेत्री के कथित समर्थकों ने ‘यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम’ की शुरुआत की। इसके बाद से ही तृषा के राजनीति में कदम रखने की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। हालांकि, अभिनेत्री की ओर से अभी तक राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

हरी साड़ी में पोस्टर जारी, AIADMK से जुड़ा दिखा रंग
फोरम के लॉन्च के साथ एक पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें तृषा कृष्णन हरी साड़ी पहने हाथ जोड़कर अभिवादन करती नजर आ रही हैं। फोरम के लोगो में भी हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है। गौरतलब है कि हरा रंग तमिलनाडु की प्रमुख राजनीतिक पार्टी AIADMK से जुड़ा रहा है। इस पार्टी का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता कर चुकी थीं। ऐसे में पोस्टर में हरे रंग के इस्तेमाल को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

समर्थकों ने बताई फोरम बनाने की वजह
फोरम की शुरुआत करने वाले समर्थकों का कहना है कि उन्होंने इसे इस उम्मीद के साथ बनाया है कि तृषा कृष्णन राजनीति में आएंगी और उनके साथ जुड़ेंगी। समर्थकों के मुताबिक, उनका उद्देश्य सत्ता के पद हासिल करना नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना और उनके हितों के लिए काम करना है।

विजय के साथ कई कार्यक्रमों में नजर आईं तृषा
तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री विजय हाल के दिनों में कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ नजर आए हैं। हाल ही में दोनों ब्रिटेन में अभिनेता अजित कुमार के रेसिंग इवेंट में भी पहुंचे थे। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में तृषा पहली पंक्ति में बैठी दिखाई दी थीं। हाल ही में विजय एक शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए थे, जहां तृषा भी मौजूद थीं। इन मुलाकातों के बाद से दोनों को लेकर चर्चाएं लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।

विजय ने महिलाओं के सम्मान को लेकर दी थी नसीहत
तृषा और विजय को लेकर विपक्षी नेताओं की टिप्पणियां भी चर्चा का विषय रही हैं। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय ने सितंबर में बिना किसी का नाम लिए कहा था कि राजनीति में आलोचना तीखी हो सकती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। फिलहाल, तृषा के नाम पर फोरम का गठन उनके राजनीति में प्रवेश का आधिकारिक संकेत नहीं है। अभिनेत्री ने भी इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है। ऐसे में अब सभी की नजरें तृषा की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं कि वह राजनीति में आने की अटकलों पर क्या कहती हैं।