‘प्यार का पंचनामा 2’ में रिजेक्ट हुई थीं शरवरी वाघ, असिस्टेंट डायरेक्टर से ऐसे बनीं लीड एक्ट्रेस

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री शरवरी वाघ ने अपने फिल्मी सफर को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्मों में अभिनेत्री बनने का सपना लेकर आई थीं, लेकिन शुरुआत में उन्हें ‘प्यार का पंचनामा 2’ के ऑडिशन में रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया और धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाई।

शरवरी हाल ही में माधुरी दीक्षित के क्विज रियलिटी शो ‘कोण होणार करोड़पति’ में पहुंची थीं। यहां बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि ‘प्यार का पंचनामा 2’ के लिए ऑडिशन देने के बाद उनका चयन नहीं हुआ था। इसके बाद उन्होंने फिल्म की टीम से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने की इच्छा जताई। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें यह काम आता है, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें कुछ नहीं आता। इसके बावजूद उन्हें मौका दिया गया और काम सिखाया गया।

शरवरी ने बताया कि लव रंजन से मिला यह मौका उनके करियर के लिए अहम साबित हुआ। उन्होंने तीन फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। इनमें ‘प्यार का पंचनामा 2’, संजय लीला भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ और लव रंजन की ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ शामिल हैं। इस अनुभव ने उन्हें फिल्म निर्माण की बारीकियां समझने का अवसर दिया।

अब शरवरी अभिनेत्री के तौर पर सूरज आर. बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आने वाली हैं। इस पारिवारिक रोमांटिक ड्रामा में उनके साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।