स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम यातायात पुलिस की विशेष चेकिंग, 35 वाहन चालकों और परिचालकों की जांच

Follow Us

कबीरधाम । स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कबीरधाम यातायात पुलिस ने स्कूल बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों को लाने-ले जाने में लगे 35 वाहनों के चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया। जांच में कोई भी चालक या परिचालक शराब अथवा अन्य नशे की हालत में नहीं मिला।पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। स्कूल बस चालकों और परिचालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने की सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर वाहनों की जांच की। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने चालकों और परिचालकों को वाहन संचालन में सतर्कता बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नशे की हालत में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।यातायात पुलिस ने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों की बसों की बिना पूर्व सूचना के आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों और उनके चालकों की गतिविधियों पर नजर रखें। यदि कोई चालक नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे या इस संबंध में शिकायत मिले, तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें।