वेदर अपडेट : छत्तीसगढ़ में अब चढ़ेगा पारा; बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम से बदलेगा मौसम का मिजाज

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के मिजाज में थोड़ी नरमी देखी गई, जिससे अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, राहत की यह सांस ज्यादा लंबी नहीं चलने वाली है। मौसम विभाग ने आज से तापमान में फिर से उछाल आने की संभावना जताई है, जिससे पारा लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। राजधानी रायपुर की बात करें, तो यहाँ दोपहर और शाम के बाद आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे उमस बढ़ने के आसार हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश के पिछले मौसम रिकॉर्ड को देखें तो रविवार को दुर्ग सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ तापमान 39.5°C दर्ज किया गया। वहीं, मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और रायपुर समेत कई इलाकों में 1 से 3 सेमी तक हल्की बारिश ने मौसम को थोड़ा ठंडा किया था। मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ और मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के साथ-साथ एक द्रोणिका राजस्थान से छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इस मौसमी बदलाव के कारण प्रदेश में आज भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग ने कुछ इलाकों में तेज अंधड़ और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। हालांकि, इन स्थानीय हलचलों के बीच अब अधिकतम तापमान में वृद्धि का एक नया दौर शुरू हो रहा है, जो आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और कड़े करेगा।