रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, अभी तक राज्य में सामान्य से करीब 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने रायपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। सुकमा, बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कांकेर, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित कई जिलों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
