रायपुर में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर सख्ती, चार दिन में 1,162 वाहनों के ई-चालान

Follow Us

रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रायपुर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस और नगर निगम ने अतिक्रमण तथा नो-पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 24 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर के नौ प्रमुख मार्गों पर संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पिछले चार दिनों में नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 1,162 वाहनों के ई-चालान काटे गए हैं।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 नवंबर को नगर निगम की टीम प्रहरी और यातायात पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान रजबंधा मैदान स्थित नवभारत प्रेस के आसपास और डीडी नगर में गायत्री हॉस्पिटल से गोल चौक होते हुए रिंग रोड नंबर-1 के रायपुरा चौक तक सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेले तथा अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान छह ठेले और 15 ग्लो साइन बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त किए गए।

अतिक्रमण हटाने का अभियान शारदा चौक, कालीबाड़ी, तेलीबांधा, फाफाडीह, पंडरी, भाटागांव, टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और भनपुरी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर चलाया जा रहा है। इन मार्गों पर सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

नो-पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने चार दिनों में बड़ी संख्या में वाहनों पर कार्रवाई की। 24 नवंबर को 329, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201 और 27 नवंबर को 324 वाहनों के ई-चालान काटे गए। इस तरह कुल 1,162 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ठेला संचालकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश भी दी जा रही है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा नो-पार्किंग के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।