सरगुजा। जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की तत्परता से एक नन्हे हाथी की जान बचा ली गई। 27 नवंबर की रात जंगल में विचरण कर रहे हाथियों के दल से बिछड़कर एक शावक गहरी नाली में गिर गया था। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे और जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में नाली में गिरने के कारण शावक बाहर नहीं निकल पा रहा था। अपने साथी को मुसीबत में देखकर हाथियों का पूरा झुंड नाली के आसपास जमा हो गया। हाथियों की निगरानी कर रही वन विभाग की टीम को ड्रोन कैमरे के माध्यम से शावक के नाली में फंसे होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा। हाथियों का झुंड शावक के बेहद करीब था, इसलिए टीम ने सावधानी बरतते हुए पहले हाथियों को सुरक्षित दूरी पर रखा। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से नाली के किनारे की मिट्टी हटाई गई और शावक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू पूरा होने के बाद नन्हा हाथी सुरक्षित रूप से अपने झुंड में लौट गया। इस पूरे अभियान का वीडियो ड्रोन कैमरे में कैद हुआ, जो 28 नवंबर को सामने आया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी फेंकू चौबे के नेतृत्व में टीम ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
