नई दिल्ली/लंदन। भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) अब लागू हो गया है। इस समझौते के साथ दोनों देशों के बीच व्यापारिक बाधाएं कम होंगी और 99% उत्पादों पर शून्य टैरिफ का रास्ता साफ हो गया है। इससे भारतीय निर्यातकों को ब्रिटेन के बाजार में आसान पहुंच मिलेगी, वहीं भारत में कई ब्रिटिश उत्पाद पहले से सस्ते हो सकते हैं।
इस डील के तहत ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की, लग्जरी कारें, कपड़े और फुटवियर पर लगने वाली ड्यूटी में बड़ी कटौती होगी। व्हिस्की पर मौजूदा भारी टैक्स को चरणबद्ध तरीके से कम किया जाएगा, जबकि ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी टैरिफ घटने से प्रीमियम कारों की कीमतों में कमी आने की उम्मीद है।
वहीं, भारत के टेक्सटाइल, लेदर, ज्वेलरी, इंजीनियरिंग और खाद्य उत्पादों को ब्रिटेन के बाजार में फायदा मिलेगा। भारतीय सामानों को ड्यूटी फ्री एक्सेस मिलने से निर्यात बढ़ने और नए रोजगार के अवसर बनने की संभावना जताई जा रही है। दोनों देशों की सरकारों का मानना है कि यह समझौता आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देगा। अनुमान है कि आने वाले वर्षों में भारत-UK के बीच द्विपक्षीय व्यापार में तेज बढ़ोतरी हो सकती है और दोनों अर्थव्यवस्थाओं को इसका लाभ मिलेगा।
