रायपुर। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हुआ है और पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर और बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर सबसे अधिक बारिश हुई। हालांकि, प्रदेश में मौसमी बारिश अब भी सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है। राजधानी रायपुर में शनिवार देर शाम हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते शहर के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 7 अगस्त को 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा अधिकतम तापमान शनिवार को घटकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बीते 24 घंटों में दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के भी आसार हैं। रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शहर में बारिश की संभावना बनी हुई है और कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
