रांची। झारखंड के रांची में जेपीएससी – जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। लगातार 17 दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांगों में 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द करना, कथित अनियमितताओं की जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार शामिल है।
शनिवार को छात्रों और झारखंड सरकार के प्रतिनिधियों के बीच दूसरे दौर की बातचीत हुई। बैठक के बाद ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि, छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना गया है और सरकार 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने के मुद्दे पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि, बातचीत से सामने आए सभी तथ्यों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
सरकार पिछले दो दिनों में अलग-अलग छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर चुकी है। इनमें जेपीएससी – जेएसएससी रिफॉर्म मंच, न्याय मंच, NSUI, झारखंड छात्र मोर्चा और आदिवासी हॉस्टल के प्रतिनिधि शामिल हैं। छात्रों और सरकार के बीच आज तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है। छात्र संगठनों ने साफ किया है कि, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया गया है। अब सभी की नजरें आज की बैठक और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।

