रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में 1 जून से 23 अगस्त 2026 तक औसतन 783 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो इस अवधि की 10 वर्षों की औसत बारिश 791.1 मिमी के करीब 99 प्रतिशत है। अब तक हुई बारिश ने खेती-किसानी को भी राहत दी है। कई क्षेत्रों में खेतों और जलस्रोतों की स्थिति बेहतर हुई है।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 168.3 प्रतिशत यानी 1019.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बलरामपुर में 1028.1 मिमी और महासमुंद में 943.3 मिमी वर्षा हुई है। वहीं कांकेर में सामान्य के मुकाबले 64.7 प्रतिशत, सुकमा में 65.8 प्रतिशत और बीजापुर में 67 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में अब तक 819.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। गरियाबंद में 918.1 मिमी, बलौदाबाजार में 848.6 मिमी, बिलासपुर में 827.9 मिमी, मुंगेली में 841.5 मिमी, जांजगीर-चांपा में 936.3 मिमी और कोरबा में 852.4 मिमी बारिश हो चुकी है।
बीते 24 घंटों में बस्तर जिले में सबसे अधिक 59.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बालोद में 30 मिमी, गरियाबंद में 29.9 मिमी, दंतेवाड़ा में 29.6 मिमी और कोंडागांव में 29.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
