बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में चखना सेंटर संचालकों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कॉलेज रोड स्थित चखना सेंटर में बुधवार देर रात हुए झगड़े के दौरान एक युवक पर कैंची से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अजय पैकरा (48) के रूप में हुई है, जो आरोपी फिरतु यादव (34) के साथ मिलकर चखना सेंटर का संचालन करता था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने कैंची से हमला कर अजय को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल अजय को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी फिरतु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटना में प्रयुक्त कैंची समेत अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे के परिचित और व्यवसायिक साझेदार थे। विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस पैसों के लेनदेन सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी खोमन लाल सिन्हा ने बताया कि विवाद के दौरान कैंची से हमला किए जाने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
