कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मंगलवार को कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा में आयोजित सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से पहुंचाने के निर्देश दिए।
विजय शर्मा ने अस्पताल परिसर में संचालित अटल आरोग्य लैब और पोषण पुनर्वास केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण कर स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
उप मुख्यमंत्री ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का पुनीत कार्य है। किसी भी मरीज को कभी भी रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक और प्रेरित होना चाहिए। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों को इस मानवीय एवं जीवनरक्षक कार्य में भागीदारी के लिए बधाई दी।


