यातायात व्यवस्था के दौरान QRT-1 की सतर्कता से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, वाहन चोरी का मामला उजागर

Follow Us

👉थाना फिंगेश्वर से पुष्टि के बाद वाहन सुपुर्द, सतर्कता से अपराध का हुआ खुलासा

रायपुर । रविवार को शाम लगभग 5:00 बजे QRT-1 में तैनात यातायात तेलीबांधा के प्रधान आरक्षक क्रमांक 1692 रामूराम महिलांगे एवं आरक्षक क्रमांक 1237 संजय नेताम राम मंदिर वीआईपी चौक पर यातायात व्यवस्था में तैनात थे। इसी दौरान लभांडी सर्विस रोड की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति सवार होकर चौक पहुंचे। वाहन के सामने की नंबर प्लेट के अंतिम चार अंक मुड़े हुए तथा पीछे नंबर प्लेट नहीं होने पर पुलिस कर्मियों को संदेह हुआ। वाहन को रोककर पूछताछ की गई, किंतु चालक संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका, जिसके बाद वाहन की गहन जांच प्रारंभ की गई।

👉 संदिग्ध वाहन की जांच में यातायात पुलिस की सतर्कता से हुआ खुलासा

👉 मोबाइल डिवाइस से सत्यापन करने पर सामने आया चोरी का मामला

यातायात कर्मियों ने मोबाइल डिवाइस के माध्यम से वाहन के पंजीयन का सत्यापन किया। प्रारंभिक जानकारी में वाहन क्रमांक CG 23 K 5753 का स्वामी गणेश साहू प्राप्त हुआ। संपर्क करने पर गणेश साहू ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल सुरक्षित रूप से उसके घर फिंगेश्वर में खड़ी है तथा उसने वाहन की फोटो एवं आरसी बुक भी उपलब्ध कराई। इसके बाद वाहन के चेचिस नंबर का मिलान करने पर वास्तविक स्वामी रोहित कुमार यादव, निवासी पंडरीपानी, पोस्ट सिवनी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद का नाम सामने आया। रोहित कुमार यादव ने बताया कि उक्त मोटरसाइकिल फरवरी 2025 में चोरी हो गई थी।

यातायात पुलिस द्वारा तत्काल थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद से संपर्क कर जानकारी का सत्यापन किया गया, जहां उक्त मोटरसाइकिल की वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज होना प्रमाणित हुआ। इसके उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु वाहन संबंधित थाना को सुपुर्द किया गया। यातायात व्यवस्था के दौरान QRT-1 के पुलिस कर्मियों द्वारा दिखाई गई सतर्कता, तकनीकी जांच एवं त्वरित कार्यवाही से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने के साथ एक महत्वपूर्ण अपराध का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ऐसे कर्तव्यनिष्ठ एवं सजग पुलिस कर्मियों की सराहना करता है।