कांकेर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भवती होने का मामला, 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कांकेर। आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय सौरभ कुमार निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी को उसकी नाबालिग उम्र की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने प्रेम और शादी का भरोसा दिलाकर फरवरी 2026 से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसके चलते युवती गर्भवती हो गई।

पीड़िता की रिपोर्ट पर आमाबेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(2)(द्व) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सौरभ कुमार निर्मलकर कोलियारी आवासपारा, थाना आमाबेड़ा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर का निवासी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी संतोष जैन के पर्यवेक्षण में की गई। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है। सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है।