धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल देखने की बात पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में 19 वर्षीय बड़े भाई पर अपने 16 वर्षीय छोटे भाई की डंडे से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, घटना 25 अक्टूबर 2026 की रात की है। कैलाश सोरी और उसका छोटा भाई कुंदन सोरी खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में कैलाश ने कुंदन के सिर और पीठ पर डंडे से वार कर दिया। हमले में कुंदन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कैलाश सोरी, पिता जैतराम सोरी, निवासी फरसगांव को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों में संयम बरतें और किसी भी स्थिति में हिंसा का सहारा न लें।

