री-NEET 2026 परीक्षा के दौरान रायपुर में हंगामा, केंद्र बदलने पर छात्र ने जताई नाराजगी

Follow Us

रायपुर। देशभर में रविवार को री-NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा में करीब 45 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। राज्यभर में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि रायपुर में 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। इसी बीच रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय परीक्षा केंद्र में एक छात्र को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया था, लेकिन करीब 15 मिनट बाद उसे यह कहकर बाहर भेज दिया गया कि उसका परीक्षा केंद्र किसी अन्य स्थान पर निर्धारित है। इस घटना के बाद छात्र और उसके परिजनों ने नाराजगी जताई, जिससे कुछ समय के लिए केंद्र के बाहर हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

वहीं जगदलपुर के पीजी कॉलेज के बाहर NEET पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को लगभग आधे घंटे का समय लग रहा था। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए लगातार अनाउंसमेंट किए जा रहे थे, ताकि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें और किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन और परीक्षा प्रबंधन टीम ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। पूरे प्रदेश में परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रखी गई।