रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज रायपुर पहुंचने के बाद सीधे अभनपुर के लिए रवाना हो गए। यहां कांग्रेस द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वे करीब चार घंटे तक शामिल रहेंगे और पार्टी के जिला एवं शहर अध्यक्षों सहित संगठन के पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम को सीमित और गोपनीय स्वरूप में रखा गया है। इसके बावजूद राहुल गांधी की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे हैं। सक्ति जिले के जैजैपुर से पहुंचे एक कांग्रेस पदाधिकारी ने बताया कि वे पहले भी राहुल गांधी से मिलने के लिए लंबी यात्रा कर चुके हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी थी। इस बार भी वे विशेष रूप से उनसे मिलने और कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण देने आए हैं और उनका स्वागत है। उन्होंने अपने बयान में कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए टिप्पणी की। वहीं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के कुछ नेता अनावश्यक बयानबाजी कर राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, आगामी रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

