रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता उन्हें 100 से अधिक बार चुनाव में नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक छवि और कद बढ़ाने के लिए बहस की चुनौती दे रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से संयुक्त संसदीय चर्चा या विशेष सत्र में मुद्दों पर बहस के प्रस्ताव का जिक्र करते हुए चौधरी ने दावा किया कि राहुल गांधी इस चर्चा से बचने की कोशिश करेंगे।
चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण के तहत पीपल पौधरोपण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘विकसित भारत संकल्प पीपल वन’ का लोकार्पण किया था। अभियान के तहत पहले एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य था, जिसे बढ़ाकर पांच लाख कर दिया गया है। रायगढ़ के एक कॉलेज में वंदे मातरम के अधूरे गायन के मामले पर उन्होंने कहा कि गायन बाद में पूरा कराया गया और कलेक्टर ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने वंदे मातरम एक्ट के प्रावधानों का पालन करने की अपील की। बस्तर के विकास पर उन्होंने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गठन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर राज्य निर्माण के निर्णय को लेकर भी आरोप लगाए।
