बालोद में सड़क किनारे खड़ी हाइवा बनी आग का गोला, अंदर सो रहे ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Follow Us

बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के लिमहाटोला गांव में मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। हादसे के वक्त ड्राइवर हाइवा के अंदर ही सो रहा था। गाड़ी से आग की लपटें उठती देख उसने तुरंत बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने रात में हाइवा को सड़क किनारे खड़ा किया था और उसी के अंदर सो गया था। सुबह अचानक वाहन में आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। डौंडी पुलिस ने मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।