धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर युवक से 9 लाख 8 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर युवक का भरोसा जीता और उसे महानदी भवन के बाहर तक ले जाकर सरकारी आवास दिलाने का झांसा दिया।
फरवरी 2024 में भानपुरी निवासी मनीष साहू (27) की मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। आरोपियों ने पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताकर आवंटन कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में बैंक खाते, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए 9.08 लाख रुपये लिए। इसके साथ ही दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी लिए गए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने केवल 2,98,999 रुपये लौटाए।
शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शशि प्रभा साहू (50), निवासी नगरी और वर्तमान निवासी रायपुर, तथा अमित कुमार देवांगन (38), निवासी भाठापारा, रायपुर को गिरफ्तार किया। दोनों को 20 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
