० 50 हजार के चोरी के सामान सहित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
बिलासपुर । कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
० रात में क्रेशर मिल में घुसकर की चोरी
पुलिस के अनुसार रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग से अज्ञात आरोपियों ने जैपलेट, रोलर, क्रेशर का साप्ट, जाली का साप्ट, जाली, टाइगर प्लेट, दो जाली कवरिंग, साइट प्लेट सहित अन्य छोटे सामान चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 649/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Read more :- नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सौतेले पिता को 30 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना
० सीसीटीवी और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस ने रंजीत शिकारी (25) और अमृत शिकारी (40), दोनों निवासी बाकीघाट, सोनवानी तालाब के पास, कोटा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान मालती मानिकपुरी (50), निवासी मौहारखार, कोटा को बेचने की बात भी कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मालती को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, सउनि शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक संजय श्याम (1356) और आरक्षक विनोद यादव (1040) का सराहनीय योगदान रहा।
