o म्यूल बैंक खाते के खिलाफ 12 राज्यों से साइबर शिकायतें, 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम के लेन-देन का खुलासा
कांकेर। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पखांजूर क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खाते के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, संबंधित बैंक खाते के विरुद्ध अलग-अलग राज्यों से कुल 12 साइबर शिकायतें दर्ज हैं तथा करीब 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार 435 रुपये की साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेन-देन पाया गया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम पोर्टल एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर थाना पखांजूर क्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के खाता क्रमांक 77112765815 की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। खाते के विरुद्ध कुल 12 साइबर शिकायतें दर्ज होने के साथ ही करीब 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम का लेन-देन पाया गया।
जांच के दौरान बैंक खाते के धारक सिराज बैरागी (25 वर्ष), निवासी ग्राम पीव्ही-42 विद्यानगर की संलिप्तता सामने आई। इस पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान सिराज ने अपने साथी सूरज दास (25 वर्ष), निवासी ग्राम पीव्ही-13 श्यामनगर के साथ मिलकर कथित रूप से धोखाधड़ी से प्राप्त रकम का बैंक खाते के माध्यम से लेन-देन करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आंवला नवमी आज: आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य का विशेष महत्व
आरोपियों के कब्जे से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की पासबुक, एक पैन कार्ड और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब साइबर ठगी से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, सहायक उप निरीक्षक निमई चन्द्र डे, वेदन सलामे, प्रधान आरक्षक लिहेन्द्र देवांगन, आरक्षक जोसेफ बड़ा, बशीर खान, राकेश मंडावी उर्फ रानी तथा साइबर सेल के आरक्षक छत्रेश जैन एवं तिरिथ दिवाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि कमीशन या लालच के झांसे में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक अथवा इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी की रकम प्राप्त करने और दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए करते हैं। पुलिस ने ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और सीवीवी नंबर किसी से साझा नहीं करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि बैंक अधिकारी, पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर फोन करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Health News: आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचा सकती हैं आपकी ये रोजमर्रा की आदतें, आज ही करें सुधार
