धमतरी में पांच गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, पोषण बास्केट देकर दिया स्वस्थ मातृत्व का संदेश

Follow Us

o जनजातीय गौरव दिवस पर ग्राम दुगली में गोदभराई कार्यक्रम, गर्भवती माताओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक।

धमतरी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के ग्राम दुगली में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मातृत्व सम्मान और पोषण जागरूकता की विशेष पहल की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में पांच गर्भवती महिलाओं को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा और लोकसभा सांसद भोजराज नाग सहित अन्य अतिथियों ने महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण बास्केट भेंट की।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को संतुलित और पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और विटामिन युक्त आहार मां के स्वास्थ्य और शिशु के विकास के लिए जरूरी है। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी। महिलाओं को उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ लेने और परिवार के सदस्यों को गर्भवती माताओं की देखभाल में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक गोदभराई की रस्म के साथ सुरक्षित गर्भावस्था, स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित शिशु का संदेश दिया गया।