कांकेर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी अथवा अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 18 नवंबर 2026, बुधवार को आंवला नवमी का पर्व मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का निवास माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना, दान-पुण्य करने से सुख-समृद्धि और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
ज्योतिष गुरु महावीर शर्मा (भिलाई-दुर्ग) के अनुसार, आंवला नवमी को अक्षय तिथि माना गया है। इस दिन महिलाएं संतान सुख, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना से व्रत रखती हैं। श्रद्धालु सुबह स्नान और तर्पण के बाद आंवला वृक्ष की पूजा करते हैं। नवमी की कथा का श्रवण कर भगवान विष्णु का ध्यान एवं पूजन किया जाता है। इसके बाद अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्रियों का दान करने की परंपरा है।
Health News: आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचा सकती हैं आपकी ये रोजमर्रा की आदतें, आज ही करें सुधार
आंवले के वृक्ष की पूजा का विधान:
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठना चाहिए। पूजा से पहले वृक्ष की जड़ में दूध अर्पित किया जाता है। इसके बाद अक्षत, पुष्प और चंदन से पूजा कर वृक्ष के चारों ओर कच्चा सूत बांधा जाता है। कपूर अथवा घी का दीपक जलाकर आरती की जाती है और सात बार परिक्रमा की जाती है। इसके बाद नवमी की कथा सुनकर भगवान विष्णु की आराधना की जाती है। पूजा के पश्चात खीर, पूड़ी, सब्जी और मिष्ठान का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष की 108 बार परिक्रमा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कई श्रद्धालु इस अवसर पर ब्राह्मण भोज भी कराते हैं।
ओडिशा में राधापाद दर्शन की परंपरा:
आंवला नवमी के अवसर पर ओडिशा के पुरी के निकट स्थित साक्षीगोपाल मंदिर में राधापाद दर्शन की प्राचीन परंपरा है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
आंवला नवमी की पौराणिक कथा:
पौराणिक कथा के अनुसार आंवल्या नाम का एक राजा था। उसने प्रण लिया था कि प्रतिदिन सवा मन आंवले दान करने के बाद ही भोजन करेगा। राजा के बेटे और बहू को चिंता हुई कि प्रतिदिन इतना दान करने से एक दिन राजकोष खाली हो जाएगा। उन्होंने राजा को दान बंद करने की सलाह दी। इससे दुखी होकर राजा-रानी अपना महल छोड़कर जंगल चले गए।
वहां उन्होंने सात दिनों तक भूखे-प्यासे रहकर भी अपना प्रण नहीं तोड़ा। भगवान विष्णु ने उनकी अटूट श्रद्धा और दान भावना से प्रसन्न होकर जंगल में ही पहले से भी बड़ा राज्य, महल और आंवले के वृक्षों से भरे बगीचे बना दिए। सुबह उठने पर राजा-रानी ने यह चमत्कार देखा और पुनः आंवले का दान कर भोजन किया।
दूसरी ओर दान का विरोध करने और माता-पिता का अपमान करने के कारण बेटे-बहू के बुरे दिन शुरू हो गए। उनका राज्य दुश्मनों ने छीन लिया और वे दर-दर भटकने लगे। अंततः वे अनजाने में अपने माता-पिता के ही नए राज्य में काम करने पहुंचे। एक दिन बहू ने रानी की पीठ पर वही मस्सा देखा, जो उसकी सास की पीठ पर था। उसे अपने किए पर पछतावा हुआ और वह रोने लगी। तब राजा-रानी ने अपने बेटे-बहू को पहचान लिया और उन्हें क्षमा कर दिया। इस कथा के माध्यम से संदेश मिलता है कि दान-पुण्य और माता-पिता का सम्मान करना चाहिए। सच्ची श्रद्धा, त्याग और अच्छे कर्मों का फल अवश्य मिलता है। आंवला नवमी दान, धर्म, श्रद्धा और भगवान विष्णु की आराधना का विशेष पर्व है।
सडक दुर्घटना मे घायल 269 लोगों को मिली कैशलेस उपचार की सुविधा

