रूस में बड़ा हादसा: विमान क्रैश 17 लोगों की मौत की आशंका

Follow Us

रूस । रूस के केमेरोवो क्षेत्र में यागुनोवो गांव के पास एक विमान हादसे की खबर सामने आई है। क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेद्युक ने विमान दुर्घटना की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, यह घटना गांव के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया। फिलहाल संबंधित अधिकारी दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगा रहे हैं।

हादसे को लेकर गवर्नर ने क्या बताया?
केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेद्युक ने बताया कि दुर्घटना के बाद आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़े हालात की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। गवर्नर ने कहा, ‘घटना की परिस्थितियों का पता संबंधित अधिकारी लगा रहे हैं।’ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे में शामिल विमान क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहा था। यानी यह विमान केमेरोवो क्षेत्र में किसी पड़ाव के लिए नहीं आया था, बल्कि वहां से होकर जा रहा था।

रूस समर्थक सोशल मीडिया चैनलों ने दावा किया है कि हादसे का शिकार सैन्य परिवहन विमान एएन-12 हुआ है। दावे के मुताबिक, विमान में 17 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे में इन सभी की मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अभी तक गवर्नर या संबंधित अधिकारियों ने विमान के मॉडल और उसमें सवार लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए एएन-12 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने और 17 लोगों की मौत की जानकारी फिलहाल रूस समर्थक चैनलों के दावे पर आधारित है।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान किन परिस्थितियों में और किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन हादसे से जुड़े अन्य विवरण अभी सामने नहीं आ सके हैं। विशेषज्ञों की टीम द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने की संभावना है।