रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक यात्रा, पुराने साथियों के प्रति सम्मान और आत्मीय संबंधों का एक विशेष अवसर बन गया। इस समारोह की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण से लेकर अब तक भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न पदों और दायित्वों का निर्वहन करने वाले वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कार्यकर्ता एक साथ जुटे।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वर्तमान एवं पूर्व मंत्रीगण, लोकसभा और राज्यसभा के वर्तमान एवं पूर्व सदस्य, विधायक एवं पूर्व विधायक, भाजपा के वर्तमान एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं सह-संयोजक, निगम-मंडल एवं आयोगों के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य, जिला पंचायतों के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, महापौर एवं पूर्व महापौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं ने भी समारोह में सहभागिता की। विभिन्न पीढ़ियों और अलग-अलग कालखंडों में संगठन की जिम्मेदारियां संभाल चुके नेताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उच्च शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, लता उसेंडी, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा, ईश्वर साहू, रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय सहित भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि तथा संगठन की विभिन्न इकाइयों से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
