मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा दुख
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मरकाटोला घाट में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा एक खराब वाहन सड़क किनारे खड़ा था और पीछे से आ रहे गेहूं से भरे 16 पहिया ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक खराब वाहन को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया और बाद में स्वयं भी पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को स्वराज माजदा वाहन क्रमांक सीजी-10-बीयू-7174 कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। मरकाटोला घाट के पास वाहन खराब हो गया था और उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से दो लोग खराब वाहन को ठीक कराने के लिए मैकेनिक लेने धमतरी की ओर चले गए थे। वाहन में उस समय 13 लोग मौजूद थे।
इसी दौरान सुबह करीब 11.30 बजे रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे 16 पहिया टाटा ट्रक क्रमांक सीजी-04-क्यूवाई-5947 ने सड़क किनारे खड़े स्वराज माजदा को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक में गेहूं भरा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए खड़े वाहन को टक्कर मारी। टक्कर के बाद ट्रक स्वराज माजदा को घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया और फिर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। उपचार के दौरान चार और घायलों की मौत हो गई। इस तरह दुर्घटना में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है। सात घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों की पहचान कोमल साहू (20), निवासी सिलहाटी, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम; अनीश पात्रे (22), निवासी मानिकपुर, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम; दीपक कुम्हार (17), निवासी वार्ड नंबर 17, कुम्हारपारा, मुंगेली; राजा सावरा (27), निवासी मिनीमाता चौक, वार्ड नंबर 17, कबीरधाम; कृष्णा चौहान (18), निवासी ग्राम पोड़ी, जिला कबीरधाम, मूल निवासी डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव और सुंदर लाल साहू (29), निवासी ग्राम कुसुमघटा, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री साय ने मदकूद्वीप में समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम को अर्पित किए श्रद्धासुमन
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हृदयविदारक घटना है और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दुख में छत्तीसगढ़ सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि हादसे में घायल लोगों को उपचार में किसी तरह की परेशानी न हो। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

