गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130C पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना पांडुका थाना क्षेत्र के सरकड़ा के पास की है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक हाईवे से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में रजनकट्टा निवासी 19 वर्षीय गेंद विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय तिजेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

