कर्नाटक में दर्दनाक हादसा: सेल्फी के चक्कर में कावेरी नदी में डूबे एक ही परिवार के 5 लोग

Follow Us

मांड्या। कर्नाटक के मांड्या जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुथाथी के पास कावेरी नदी में सेल्फी लेने के दौरान एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चन्नापटना निवासी परिवार मुथाथी स्थित मुत्तेथराया मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। पूजा के बाद परिवार के कुछ सदस्य नदी किनारे घूमने गए, जहां सेल्फी लेते समय अचानक एक महिला का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगी। उसे बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य भी नदी में उतर गए और देखते ही देखते एक-एक कर पानी में डूब गए। मृतकों में चैत्रा (20), श्वेता (38), विजयम्मा (50), प्रियंका (28) और महेश (30) शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी में जाने से पहले उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। घटना के दौरान एक अन्य सदस्य रवि को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि चार साल का बच्चा सुरक्षित बच गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, पर्यटन स्थलों पर नदी और जलाशयों के पास सुरक्षा नियमों का पालन करें और जोखिम भरे सेल्फी लेने से बचें।