नई दिल्ली। वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद भारत ने संवेदना और सहयोग का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि भूकंप से हुई तबाही बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि, भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है।
जानकारी के अनुसार, वेनेजुएला में गुरुवार तड़के लगातार शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती झटके की तीव्रता 7.1 बताई गई, जिसके बाद एक और तेज भूकंप आया। भूकंप का असर कई इलाकों में देखने को मिला, जहां इमारतों को नुकसान पहुंचने और लोगों के प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भारत की ओर से मदद की पेशकश को वैश्विक मानवीय सहयोग के रूप में देखा जा रहा है।
