टोनही : दुःखद अध्याय- गिरीश पंकज

Follow Us

बलरामपुर जिले के गांव सरगवां पंडोपारा में टोनही के शक में एक तिरसठ वर्षीय विधवा रजपतिया पंडो की निर्मम हत्या कर दी गई। वैसे हत्यारे गिरफ्तार भी कर लिए गए हैं। लेकिन प्रश्न यह है कि ऐसा क्यों होता है? इसके पहले भी छत्तीसगढ़ में टोनही के संदेह में हत्याएं अथवा मारपीट होती रही है। दुर्भाग्य की बात है ग्रामीण जीवन में आज भी कुछ लोग ऐसे लोग मिल जाते हैं, जो भूत-प्रेत, जादू-टोना, ऊँच-नीच जैसे अंधविश्वासों पर चलकर किसी की हत्या कर देते हैं, या मारपीट करते हैं। हम लोगों ने बहुत पहले एक संस्था बनाई थी, अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति- उस समिति के माध्यम से भी लम्बे समय तक लोक जागरण का काम किया आज भी यह समिति डॉ. दिनेश मिश्र के नेतृत्व में काम कर रही है। लेकिन अफसोस, चेतना जाग्रत नहीं हो पा रही। सरकारी स्तर पर केवल न्यून प्रयास हो रहे हैं। मैंने अंधविश्वास के खिलाफ नुक्कड़ नाटक लिखे, नवसाक्षरों के लिए कुछ कहानियां भी लिखीं दूसरे लेखक मित्र भी यह काम करते रहे हैं। मुझे लगता है, इस दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। जब तक हम अंधश्रद्धा, अंधविश्वास के मायाजाल से मुक्त नहीं होंगे, कैसे विश्वगुरु बन सकेंगे? आज भी पशुओं की बलि दी जाती है। सिर्फ इसलिए कि कोई देवी प्रसन्न होगी या देवता खुश होकर आशीर्वाद देंगे! यह पागलपन बंद होना चाहिए। जीव-हत्या के पक्ष में अनेक मूर्खतापूर्ण तर्क भी सामने आते रहते हैं, जिसे सुनकर पीड़ा होती है कि कि इक्कीसवीं सदी में जीते हुए भी हम मानसिक रूप से असभ्यताकाल में जी रहे हैं। जब जीव-जंतुओं की हत्या कर उन्हें लोग पका कर खा जाया करते थे। तब यह एक तरह की मजबूरी भी थी। लेकिन लोग अंधविश्वास के तहत जीव-हत्या करते हैं, और भूत-प्रेत के चक्कर में मनुष्यों की भी हत्या कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि यह मूर्खता गांव तक सीमित है, शहरों में भी कुछ लोग अंधविश्वास के चलते हत्याएं करते-करवाते हैं। मारण-मंत्र का प्रयोग कराया जाता है, जबकि यह विशुद्ध रूप से वाहियात बात है। विश्वगुरु बनने का हमारा सपना तभी साकार हो सकता है, जब हमारी सोच में वैज्ञानिकता हो, संवेदनशीलता हो और तर्क का प्रकाश हो। एक तरफ हम चांद और मंगल पर अपने यान भेजने की बात करते हैं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल क्रांति का डंका पीटते हैं, और दूसरी तरफ हमारे ही समाज का एक बड़ा हिस्सा आज भी ओझा, गुनिया, बैगा और तांत्रिकों के चंगुल में फंसा हुआ है। यह विरोधाभास अत्यंत पीड़ादायक और शर्मनाक है। टोनही प्रताड़ना के पीछे केवल अंधविश्वास ही एकमात्र कारण नहीं है, बल्कि इसके गहरे सामाजिक, आर्थिक और लैंगिक पहलू भी हैं। ध्यान से देखें तो टोनही का आरोप अधिकतर उन महिलाओं पर लगाया जाता है जो विधवा हैं, निस्संतान हैं, बुजुर्ग हैं, अकेली रहती हैं या फिर आर्थिक रूप से कमजोर हैं। कई बार इसके पीछे संपत्ति हड़पने की साजिश होती है, तो कई बार आपसी रंजिश या किसी महिला के स्वाभिमान को कुचलने की कुत्सित मानसिकता काम करती है। जब गांव में कोई बीमारी फैलती है, फसल खराब होती है, या किसी की अकाल मृत्यु होती है, तो स्वास्थ्य सुविधाओं और वैज्ञानिक कारणों को समझने के बजाय किसी असहाय महिला को बलि का बकरा बना दिया जाता है। यह पितृसत्तात्मक समाज की वह क्रूरता है, जो अंधविश्वास की आड़ में अपना घिनौना चेहरा छिपाती है। यह भी एक कड़वा सच है कि अंधविश्वास की जड़ें केवल अशिक्षित या ग्रामीण परिवेश तक ही सीमित नहीं हैं। जैसा कि ऊपर रेखांकित किया गया है, शहरों के आलीशान बंगलों और तथाकथित शिक्षित परिवारों में भी यह मानसिक गुलामी गहराई तक पैठी हुई है। फर्क सिर्फ इतना है कि गांव में यह क्रूरता खुलेआम लाठी-डंडों और टांगिया के रूप में दिखती है, जबकि शहरों में यह बंद कमरों में तंत्र-मंत्र, टोने-टोटके, रत्नों के व्यापार, वास्तु के नाम पर तोड़फोड़ और गुप्त रूप से दी जाने वाली नरबलि या पशुबलि के रूप में सामने आती है। डिग्रियां हासिल कर लेने का अर्थ यह कतई नहीं है कि व्यक्ति के भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो गया है। जब तक शिक्षा हमें ‘क्यों’ और ‘कैसे’ पूछना नहीं सिखाती, तब तक वह अधूरी है।