अम्बिकापुर। धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। अब किसान मोबाइल के माध्यम से तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता और समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा से किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सुखरी के अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्र में देखने को मिल रहा है।
ग्राम पंचायत सपना के किसान बिपिन राजवाड़े अपने पिता फूलसाय राजवाड़े के नाम से धान बेचने सुखरी उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि धान विक्रय के लिए उन्होंने मोबाइल से ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया था। इससे उन्हें टोकन के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ा। केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है और धान बेचने के दौरान भी उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
बिपिन राजवाड़े ने बताया कि शासन की धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। वर्तमान में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य मिलने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। पहले किसानों को उपज बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे सीधे सहकारी समिति में धान बेच रहे हैं। इससे बिचौलियों की निर्भरता कम हुई है और विक्रय प्रक्रिया भी आसान बनी है। उन्होंने मोबाइल से टोकन प्राप्त करने, बारदाने की उपलब्धता और व्यवस्थित खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सुखरी में करीब 979 किसानों का पंजीयन है। समिति के माध्यम से क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिल रही है। इनमें सुखरी, कलापारा, रनपुर खुर्द, रनपुर कला, बांकीपुर, बकिरमा, कोलडीहा, धनगवां, सपना और फतेहपुर शामिल हैं। डिजिटल टोकन प्रणाली और उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों का समय और श्रम बच रहा है। साथ ही उन्हें सीधे सरकारी खरीदी व्यवस्था के माध्यम से अपनी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है।
