नई दिल्ली। पाकिस्तानी वेब सीरीज जो बचे हैं संग समेट लो को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस मामले में नेटफ्लिक्स से जवाब मांगा है। साथ ही मंच को 8 मई 2025 को जारी सरकारी परामर्श का पालन करते हुए पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों और वेब सीरीज को भारत में उपलब्ध नहीं कराने की हिदायत दी है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सीरीज की भारत में संभावित रिलीज को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद यह कदम उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पिछले वर्ष जून में दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को कहा है। उस समय कंपनी ने मंत्रालय को बताया था कि भारत में उसके ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब सरकार ने मंच से इसी रुख को बरकरार रखने और पाकिस्तानी सामग्री को भारत में प्रसारित नहीं करने को कहा है।
दरअसल, सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत इंटरनेट आधारित मनोरंजन मंचों को ऐसी सामग्री के प्रसारण में सावधानी बरतने का प्रावधान है, जिससे भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता, दूसरे देशों के साथ संबंधों अथवा देश की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
इसी प्रावधान का हवाला देते हुए केंद्र सरकार ने 8 मई 2025 को परामर्श जारी किया था। यह परामर्श 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आया था। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। सरकार ने इंटरनेट आधारित मनोरंजन मंचों को पाकिस्तानी सामग्री के प्रसारण को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी थी।
केंद्र सरकार से पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी पाकिस्तानी वेब सीरीज को लेकर नेटफ्लिक्स को चेतावनी दी थी। संगठन ने मांग की है कि इसके प्रसारण से पहले ही इसे भारत में उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री की सूची से हटा दिया जाए। संगठन ने भारत में इस सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
पाकिस्तानी वेब सीरीज जो बचे हैं संग समेट लो का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी नाम से प्रचार किया जा रहा है। यह सीरीज लेखिका फरहत इश्तियाक के उर्दू उपन्यास पर आधारित प्रेम कहानी है। इसका प्रसारण 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर प्रस्तावित है।
इसमें पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर और हानिया आमिर सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया है। फिलहाल इस सीरीज की भारत में संभावित उपलब्धता को लेकर विवाद जारी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से नेटफ्लिक्स को पुराने आश्वासन का पालन करने की हिदायत दिए जाने के बाद इसके भारतीय दर्शकों तक पहुंचने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।
