बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर तखतपुर और कोटा नगर को 6.63 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपये और तखतपुर में 4.65 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में कन्या महाविद्यालय भवन, मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल सहित सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण शामिल हैं।
तखतपुर के राम सदन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण तथा तखतपुर-बरेला के बीच मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण का भूमिपूजन किया। कन्या महाविद्यालय भवन बनने से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, पुल निर्माण से तखतपुर और आसपास के गांवों के बीच आवागमन आसान होगा।
कोटा नगर पालिका में 1.98 करोड़ रुपये की लागत से नाली और सीसी रोड निर्माण के साथ कन्या शाला में मंच एवं शेड तथा डीकेपी शाला में शेड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से नगर की बुनियादी सुविधाओं के साथ शैक्षणिक संस्थानों में भी सुविधाओं का विस्तार होगा।
संविधान दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर को किया गया नमन
इस अवसर पर अरुण साव ने जन्मदिवस पर क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सर्व समाज के लोगों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए नागरिक अभिनंदन और मिले स्नेह के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए भावुक करने वाला और अविस्मरणीय है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। तखतपुर और कोटा के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि तखतपुर क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान 60 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले समय में इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में विस्तार होगा।
